मुख्य सामग्री पर जाएँ
रमज़ान के पूरे तीस रोज़ों के बाद ईद आई है। कितना मनोहर, कितना सुहावना प्रभात है। वृक्षों पर अजीब हरियाली है, खेतों में कुछ अजीब रौनक़ है, आसमान पर कुछ अजीब लालिमा है। आज का सूर्य देखो, कितना प्यारा, कितना शीतल है — मानो संसार को ईद की बधाई दे रहा हो। गाँव में कितनी हलचल है। ईदगाह जाने की तैयारियाँ हो रही हैं। किसी के कुर्ते में बटन नहीं है, पड़ोस के घर से सुई-धागा लाने दौड़ा जा रहा है। किसी के जूते कड़े हो गए हैं, उनमें तेल डालने के लिए तेली के घर पर भागा जाता है। सबसे ज़्यादा प्रसन्न हैं बच्चे। किसी ने एक रोज़ा रखा है, वह भी दोपहर तक। किसी ने वह भी नहीं, लेकिन ईदगाह जाने की ख़ुशी उनके हिस्से में सबसे ज़्यादा है। रोज़े बड़े-बूढ़ों के लिए होंगे। इनके लिए तो ईद है। इन बच्चों में एक हामिद भी है — चार-पाँच साल का, दुबला-पतला लड़का, जिसका बाप गत वर्ष हैज़े की भेंट हो गया और माँ न जाने क्यों पीली होती-होती एक दिन मर गई। अब हामिद अपनी बूढ़ी दादी अमीना की गोद में सोता है और उतना ही प्रसन्न है जितना और बच्चे। (यह प्रेमचंद की सर्वाधिक पढ़ी जाने वाली कहानियों में से एक है — मेले में मिले तीन पैसों से हामिद अपने लिए मिठाई या खिलौना नहीं, दादी के जले हाथों के लिए चिमटा ख़रीदता है।)

और पढ़ें

इससे मिलती-जुलती रचनाएँ

ईदगाह — munshi-premchand | हिंदव्य | हिंदव्य Hindavya