मुख्य सामग्री पर जाएँ

हमारे बारे में

हिंदव्य क्या है

हिंद भाषाओं व बोलियों का साहित्यिक मंच — जहाँ भाषाएँ अलग हैं, पर भाव एक है।

भारत में हर कुछ सौ किलोमीटर पर भाषा बदल जाती है। और हर भाषा के साथ बदल जाता है दुनिया को देखने का ढंग — क्या कहा जा सकता है, क्या नहीं; किस बात के लिए एक शब्द है और किसके लिए पूरा वाक्य चाहिए।

इनमें से कुछ भाषाओं का साहित्य सहेजा गया — हिन्दी, उर्दू, संस्कृत, तमिल, बांग्ला। बाक़ी अनगिनत बोलियाँ बिना दर्ज हुए ख़त्म होती चली गईं। बन्नुवाली, जिसे विभाजन के बाद हरियाणा में बसे परिवार आज भी बोलते हैं, उन्हीं में से एक है। तीसरी पीढ़ी उसे समझती है, बोलती नहीं। चौथी उसे पहचानेगी भी नहीं।

हिंदव्य इसी अंतर को पाटने की कोशिश है। यहाँ कबीर के दोहे भी हैं और किसी गुमनाम लोकगायक की कजरी भी; ग़ालिब की ग़ज़ल भी और आज के किसी नए लिखने वाले की पहली कविता भी। किसी को दूसरे से छोटा नहीं माना जाता।

हम रचनाएँ सिर्फ़ इकट्ठा नहीं करते — उन्हें उनके संदर्भ के साथ रखते हैं। हर रचना के साथ उसका रचनाकार, भाषा, काल, विधा और विषय दर्ज होता है, ताकि पाठक एक कविता से चलकर पूरे युग तक पहुँच सके।

हमारे उसूल

किन बातों पर हम अड़े रहते हैं

हर बोली बराबर है

हिन्दी और उर्दू का साहित्य जितना ज़रूरी है, बन्नुवाली और ब्रज का भी उतना ही। जिन बोलियों का कोई राजनीतिक दावा नहीं होता, वे सबसे पहले मरती हैं — और हमारा काम वहीं से शुरू होता है।

पढ़ना निःशुल्क रहेगा

इस मंच पर रचनाएँ पढ़ने के लिए न शुल्क है, न सदस्यता ज़रूरी। यह तभी संभव है जब कुछ लोग इसे चलाने में सहयोग करें — इसीलिए साझेदारी का रास्ता खुला है।

रचनाकार का अधिकार, रचनाकार का

जो रचना आप भेजते हैं, उसका कॉपीराइट पूरी तरह आपका रहता है। हम केवल उसे पढ़ने वालों तक पहुँचाते हैं, और आप जब चाहें उसे हटवा सकते हैं।

संदर्भ के साथ

हर रचना के साथ उसका रचनाकार, भाषा, काल और विधा दर्ज होती है। साहित्य को उसके संदर्भ से काटकर पढ़ाना उसे आधा कर देना है।

“चिंता नहीं, चिंतन होगा”

कोई सुझाव? हमें लिखिए