मुख्य सामग्री पर जाएँ

क्या भाषा का राष्ट्र होता है?

अज्ञात
8.4K बार पढ़ा गया 720
भाषा को राष्ट्र की सीमाओं में बाँधने की कोशिश हमेशा अधूरी रहती है। उर्दू दिल्ली और लखनऊ में पली, पर आज उसका सबसे बड़ा पाठक-वर्ग दो अलग देशों में बँटा है। पंजाबी की लिपि सरहद के इस पार गुरमुखी है, उस पार शाहमुखी — शब्द वही, आवाज़ वही, केवल आकार बदल गया। बन्नुवाली जिस भूगोल से आई, वह अब किसी और देश में है; पर बोली फ़रीदाबाद के कुछ मोहल्लों में आज भी ज़िंदा है। भाषा वहीं तक जाती है जहाँ तक उसे बोलने वाले जाते हैं। वह पासपोर्ट नहीं माँगती। इसीलिए किसी भाषा को ‘राष्ट्रभाषा’ बना देने की बहस अक्सर भाषा की नहीं, सत्ता की बहस होती है। और जब भी यह बहस तेज़ होती है, सबसे पहले वे बोलियाँ मरती हैं जिनका कोई राजनीतिक दावा नहीं होता। हिंदव्य की चिंता यही है — कि जिन बोलियों का कोई झंडा नहीं, उनका साहित्य भी दर्ज हो जाए।